झांसी में युवक की छाती पर गिरा बिजली का तार,मौत:दोस्त मिलने पहुंचा तो खेत पर पड़ा था, अगले महीने थी शादी

झांसी में युवक की छाती पर गिरा बिजली का तार,मौत:दोस्त मिलने पहुंचा तो खेत पर पड़ा था, अगले महीने थी शादी

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सिमराहा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक खेत पर फसल में पानी लगाने गया था, इसी दौरान बिजली का तार टूटकर उसकी छाती पर गिर गया। उसकी अगले महीने शादी होने वाली थी। जानकारी के अनुसार, सिमराहा गांव निवासी कृष्णा कुशवाहा (22) पुत्र प्रीतम कुशवाहा अपने खेत में लगी गेहूं की फसल में पानी लगाने के लिए गया था। खेत में पानी के पम्प को चलाने के लिए लकड़ी के पोल पर बिजली का तार बांधा गया था। बताया जा रहा है कि कृष्णा गीली मिट्टी में खड़ा होकर सिंचाई कर रहा था, तभी अचानक हवा चलने से बिजली का तार टूट गया और सीधे उसकी छाती पर आ गिरा।
करंट लगते ही कृष्णा ने खुद को बचाने की कोशिश में तार को हाथों से हटाने की कोशिश की, लेकिन करंट की चपेट में आने से उसके हाथ झुलस गए और तार उसकी छाती से चिपक गया। तेज करंट लगने के कारण वह मौके पर ही खेत में गिर पड़ा।
मृतक के छोटे भाई जतिन ने बताया कि कृष्णा से मिलने उसका एक दोस्त खेत पर पहुंचा था, जहां उसने उसे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार के लोग आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। अगले महीने थी शादी
गांव के ही रहने वाले आशीष यादव ने बताया कि कृष्णा की शादी आगामी 25 अप्रैल को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *