झांसी में महिला टीचर ने टॉयलेट क्लीनर पीकर आत्महत्या कर ली। बच्चे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चार घंटे इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित अशोक सनफ्रान सिटी की है।
मूल रूप से मोठ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में तैनात 45 वर्षीय शिक्षिका रूपा राठौर अपने दो बच्चों के साथ हाउसिंग सोसायटी में रहती थीं। उनके पति संजय राठौर मोठ के केसीपी इंटर कॉलेज में प्रिंसिपल हैं। मंगलवार सुबह जब पति स्कूल के लिए निकल गए, उसी दौरान घर पर मौजूद रूपा ने करीब 6 बजे टॉयलेट क्लीनर पी लिया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। घर में मौजूद 13 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटे ने मां की गंभीर हालत देख तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी और पड़ोसियों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। करीब चार घंटे तक चले इलाज के बाद शिक्षिका ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पति भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। पहले भी कर चुकी थीं आत्महत्या की कोशिश
परिजनों के अनुसार रूपा राठौर की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं थी और उनका इलाज भी चल रहा था। बताया गया कि करीब चार साल पहले भी उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई थी।


