झाबुआ की डीआरपी (DRP) लाइन में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक मंगलेश पाटीदार पर सात साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। शनिवार को हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और रविवार को उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता की मां जब अपनी बेटी को ढूंढते हुए मंगलेश के घर पहुंची, तो बच्ची बेहद घबराई हुई हालत में बाहर निकली। मां के बार-बार पूछने पर मासूम ने रोते हुए आपबीती सुनाई। बच्ची ने बताया कि आरोपी उसे चॉकलेट का लालच देता था और किसी को कुछ भी बताने पर डराता था। उसने यह भी खुलासा किया कि आरोपी उसके साथ पहले भी इस तरह की घिनौनी हरकत कर चुका है। पॉक्सो एक्ट सहित 12 धाराओं में केस दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर पुलिस अधिकारी तुरंत एक्शन में आए। महिला पुलिस अधिकारी की कमी के कारण टीआई नेहा बिरला को विशेष रूप से केस दर्ज करने के लिए बुलाया गया। आरोपी मंगलेश पाटीदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की कुल 12 गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। महिलाओं का फूटा गुस्सा: कोर्ट परिसर में प्रदर्शन रविवार को जैसे ही आरोपी को कोर्ट में पेश करने की खबर मिली, डीआरपी लाइन की कई महिलाएं कोर्ट परिसर पहुंच गईं। उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि अगर पुलिस लाइन जैसे सुरक्षित इलाके में ही उनके बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, तो वे कहां जाएं? सुरक्षा को लेकर परिवार अब डरे हुए हैं।


