जयपुर में लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी बोलीं- ऑपरेशन सिंदूर के बाद युवाओं में बढ़ी देशभक्ति, आज सेना परेड का पहला मुख्य रिहर्सल

जयपुर में लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी बोलीं- ऑपरेशन सिंदूर के बाद युवाओं में बढ़ी देशभक्ति, आज सेना परेड का पहला मुख्य रिहर्सल

Lieutenant Colonel Sofiya Qureshi: जयपुर: भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी बेहद होनहार है और अपने कौशल, मेहनत व प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर रही है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद युवाओं में देशभक्ति की भावना और अधिक मजबूत हुई है, जो देश के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि युवा अब सेना और राष्ट्रसेवा को करियर के रूप में गंभीरता से देखने लगे हैं।

लेफ्टिनेंट कर्नल सोफिया कुरैशी राजधानी जयपुर के भवानी निकेतन कॉलेज में गुरुवार से शुरू हुई ‘नो योर आर्मी’ प्रदर्शनी में शिरकत करने पहुंचीं। इस दौरान राजस्थान पत्रिका से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद लोग उन्हें जानने और पहचानने लगे हैं। आम लोगों, खासकर युवाओं और छात्राओं से मिलकर गर्व महसूस होता है। उन्होंने कहा कि जब युवा सेना के बारे में सवाल पूछते हैं और उत्सुकता दिखाते हैं, तो यह देश के उज्ज्वल भविष्य की ओर इशारा करता है।

प्रदर्शनी में जयपुर में निर्मित मानव रहित ग्राउंड व्हीकल ‘कृष्णा’ और ‘जेना’ आकर्षण का केंद्र रहे। ‘कृष्णा’ आधुनिक तकनीक से लैस है और यह सैनिकों को फायर सपोर्ट देने में सक्षम है, जबकि ‘जेना’ आग, आपदा और आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्य कर जिंदगियां बचाने में मदद करता है।

ये उपकरण लॉजिस्टिक्स सपोर्ट, निगरानी, कैजुअल्टी निकासी और जोखिम भरे इलाकों में ऑपरेशन के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल कुरैशी ने कहा कि स्वदेशी तकनीक से बने ऐसे उपकरण सेना की ताकत को और मजबूत करते हैं।

सेना दिवस को लेकर जयपुर में तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जगतपुरा स्थित महल रोड पर सेना परेड का पहला मुख्य रिहर्सल आयोजित किया जाएगा। रिहर्सल सुबह 10 बजे से दोपहर 12:25 बजे तक चलेगा, जिसमें सेना के अत्याधुनिक हथियार, टैंक, मिसाइलें, हेलीकॉप्टर फ्लाईपास्ट, ड्रोन, पैदल टुकड़ियां और नेपाल आर्मी का बैंड भी शामिल होगा। आमजन को भी इस रिहर्सल को देखने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *