जबलपुर के बिलहरी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। घटना देर रात की होने से दुकान बंद थी, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद मौके पर डायल-112 पहुंची, हालांकि कार चालक और दुकान मालिक के बीच आपसी समझौता होने के कारण कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। घटना का वीडियो दो दिन बाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 8 जनवरी की रात करीब साढ़े 12 बजे बरेला से जबलपुर की ओर एक कार तेज रफ्तार में आ रही थी। बताया जा रहा है कि कार करीब 100 की रफ्तार से सड़क पर घिसटते हुए सीधे दुकान में जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कार में दो युवक सवार थे, जो नशे की हालत में थे। इसी दौरान दुकान मालिक भी बाहर आया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई दुकान मालिक और आसपास मौजूद लोगों ने कार में सवार दोनों युवकों को बाहर निकाला, जो नशे की हालत में थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक ने दुकान के नुकसान की भरपाई करने की सहमति दे दी, जिसके चलते पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। गोराबाजार थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी ने बताया कि 8 जनवरी की रात हुए इस हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दुकान मालिक ने भी शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मौके पर ही आपसी समझौता हो गया। तीन माह पहले भी इसी इलाके में हादसा हुआ था करीब तीन माह पहले भी गोराबाजार थाना क्षेत्र के इसी बिलहरी इलाके में इसी तरह का हादसा हुआ था। मंडला से जबलपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। 14 अक्टूबर 2025 की रात करीब 1 बजकर 50 मिनट पर कार क्रमांक MP 20 CE 7286, जिस पर “Executive Magistrate” (एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट) लिखा हुआ था, सड़क किनारे पलट गई। कार चला रहा युवक खुद को लॉ का छात्र बता रहा था। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार की रफ्तार लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे के समय जिस स्थान पर कार घुसी, वहां पास के घरों में लोग सो रहे थे।


