जूनी इंदौर पुलिस ने सोमवार रात चाइनीज मांझे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने एक कार से 8 बोरों में भरा चाइनीज मांझा ले जा रहे एक सिंधी व्यापारी को पकड़ा है। आरोपी के पास से सैकड़ों चाइनीज मांझे जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि वह मकर संक्राति के त्योहार को देखते हुए मांझा लेकर आया था। पुलिस उससे मांझा बेचने वाले व्यापारी के संबंध में पूछताछ कर रही है। टीआई अनिल गुप्ता की टीम को सूचना मिली थी कि खातीवाला टैंक क्षेत्र में किराए से रहने वाले रवि राजानी ने बड़े स्तर पर चाइनीज मांझे का सौदा किया है और वह रात के समय एक कार में मांझा लेकर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट लगाए और कार नंबर के आधार पर रवि को पकड़ा। कार की तलाशी लेने पर उसमें 8 बोरे चाइनीज मांझे से भरे हुए मिले। इसके बाद आरोपी से थाने में देर रात तक पूछताछ की गई। पुलिस यह जांच कर रही है कि वह मांझा कहां से लेकर आया था। इस मामले में आरोपी की कार भी जब्त कर ली गई है। द्वारकापुरी पुलिस ने दुकान की सील द्वारकापुरी पुलिस को भी सूचना मिली थी कि सचिन चावला इलाके में एक दुकान से चाइनीज मांझा बेच रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए वहां से 5 चाइनीज मांझे जब्त किए। इसके बाद पुलिस ने दुकान को सील कर दिया। वहीं, तिलक नगर पुलिस ने भी सोमवार को इलाके में जनजागरण रैली निकाली और दुकानों पर जाकर सर्चिंग की। इस दौरान दुकानदारों को चाइनीज मांझे के उपयोग और बिक्री को लेकर समझाइश भी दी गई। ये खबर भी पढ़ें… उज्जैन में चाइनीज मांझे से पुजारी की गर्दन कटी प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से उज्जैन में एक पुजारी की गर्दन कट गई। दो घंटे चले ऑपरेशन के बाद उनकी जान बचाई जा सकी। उन्हें 10 टांके आए हैं। हादसा रविवार शाम 6 बजे का है। मूलतः राजगढ़ जिले के जीरापुर निवासी 20 वर्षीय विनय तिवारी उज्जैन के जयसिंहपुरा में किराए के मकान में रहते हैं। शाम को जब वह बाइक पर कुछ सामान लेकर घर जा रहे थे, तभी रास्ते में चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में उलझ गया। कुछ ही देर में वे लहूलुहान हो गए। पूरी खबर पढ़ें…


