हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलने और योजना में बदलाव किए जाने के विरोध में 10 जनवरी से प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने जा रही है। इसकी रणनीति गुरुवार को शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बन रही है। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार जिला अध्यक्षों की मीटिंग ले रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा, यह आंदोलन केवल जिला या ब्लॉक स्तर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, मनरेगा ग्रामीणों को साल में 100 दिन के रोजगार देने की गारंटी वाली योजना थी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के दबाव में इस योजना में बदलाव कर न केवल नाम बदला है, बल्कि योजना के स्वरुप को भी चेंज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम ने केंद्रीय कैबिनेट को भी भरोसे में नहीं लिया। विनय कुमार ने कहा कि, जी राम जी योजना से केवल नोटिफाई एरिया में ही रोजगार मिल पाएगा। उसकी भी गारंटी नहीं है। केंद्र ने मनरेगा सीधे तौर पर ग्रामीण भारत पर हमला किया है। विनय कुमार ने कहा कि, यदि केंद्र सरकार मनरेगा को खत्म करने के फैसले को वापस नहीं लेती, तो कांग्रेस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसकी शुरुआत 10 जनवरी को कांगड़ा से होने जा रही है। इसके बाद राज्य, जिला, ब्लाक और बूथ स्तर पर धरने आयोजित किए जाएंगे। इस महीने के अंत तक ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति करेंगे: विनय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि, इस महीने के अंत तक सभी ब्लॉकों में अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी जाएगी। साथ ही प्रयास किया जा रहा है कि जिला और ब्लॉक कार्यकारिणियों का गठन भी जल्द पूरा किया जाए, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा सके और आंदोलन को प्रभावी बनाया जा सके। कांग्रेस दफ्तर में बैठेंगे मंत्री: विनय विनय कुमार ने कहा कि, विधानसभा के बजट सत्र के बाद मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। मंत्री कांग्रेस मुख्यालय में बैठेंगे और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने कहा कि इससे सरकार व संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनेगा। करेंसी से भी महात्मा गांधी का नाम हटाना चाह रही BJP: विनय विनय कुमार ने कहा कि, इस योजना का नाम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर रखा गया था। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाजपा सरकार गांधी का नाम तक मिटाने पर तुली हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि करेंसी से भी भाजपा महात्मा गांधी का नाम हटा सकती है।
हिमाचल में 10 जनवरी से G-RAM-G के विरोध में आंदोलन:कांग्रेस अध्यक्ष विनय बोले- कांगड़ा से शुरू होगा, ब्लॉक-बूथ स्तर पर प्रदर्शन करेंगे


