हरदा में बजरंग सेना ने ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ के लगाए नारे:सरकार को बर्खास्त और हिंदुओं को सुरक्षा देने की मांग

हरदा में बजरंग सेना ने ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ के लगाए नारे:सरकार को बर्खास्त और हिंदुओं को सुरक्षा देने की मांग

हरदा जिले में शुक्रवार को बजरंग सेना ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय घंटाघर चौक पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ‘बांग्लादेश मुर्दाबाद’ और ‘जिहादी आतंकवाद मुर्दाबाद’ के नारे लगाए गए। घंटाघर चौक पर किया गया पुतला दहन बजरंग सेना के कार्यकर्ता शुक्रवार को घंटाघर चौक पर एकत्रित हुए, जहां बांग्लादेश सरकार का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। इस दौरान माहौल पूरी तरह आक्रोश पूर्ण नजर आया। बजरंग सेना के प्रदेशाध्यक्ष उमेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ लगातार हिंसा, उत्पीड़न और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका दावा है कि अब तक करीब 88 घटनाएं हो चुकी हैं। प्रदेशाध्यक्ष ने दीपू चंद दास नामक युवक की हत्या का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उसकी हत्या कर उसे पेड़ पर लटकाकर जला दिया गया। उन्होंने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया। भारत विरोधी साजिश का आरोप उमेश प्रजापति ने कहा कि ढाका में भारत विरोधी षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हिंदुओं के मकानों और दुकानों में आग लगाई जा रही है, जिससे वहां भय का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाया जा रहा है और सुनियोजित तरीके से समुदाय को डराने का प्रयास किया जा रहा है। बांग्लादेश सरकार बर्खास्त करने की मांग बजरंग सेना नेताओं ने मांग की कि बांग्लादेश सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए और वहां रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को सुरक्षा प्रदान की जाए। नेताओं ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर ध्यान दिया जाना चाहिए। बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद इस प्रदर्शन में बजरंग सेना के प्रदेश अध्यक्ष उमेश प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार गुर्जर, संभाग अध्यक्ष पप्पू प्रजापति, जिलाध्यक्ष राजेश पटेल, उपाध्यक्ष राजेश चौरसिया, बबलू गुर्जर, पितलेश प्रजापति, केवलराम प्रजापति सहित अन्य जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *