गोरखपुर में SSP ने लगातार चार थानों का किया निरीक्षण, महकमे में मचा रहा हड़कंप

गोरखपुर में SSP ने लगातार चार थानों का किया निरीक्षण, महकमे में मचा रहा हड़कंप

शनिवार को SSP डॉक्टर कौस्तुभ ने लगातार जिले के चार थानों का निरीक्षण कर महकमे में खलबली मचा दिये। उन्होंने थाना बांसगांव, उरूवा बाजार, सिकरीगंज और खजनी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं, जनसुविधाओं और अभिलेखों की स्थिति का गहनता से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान हर पटल पर पहुँचे SSP

SSP ने थानों पर संचालित जनसुनवाई डेस्क एवं महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और निर्देश दिया कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर अभिलेखों को अद्यावधिक रखने तथा ऑनलाइन प्रविष्टियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

थाने में आने वाले फरियादियों की सुविधा का ध्यान रखें

निरीक्षण के दौरान थानों पर आने वाले आवेदकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल सुविधा, साफ-सफाई तथा थाना परिसर की समग्र स्थिति का भी अवलोकन किया गया। SSP ने संपूर्ण परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।

थाना कार्यालय में रखे अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड व्यवस्थित और अद्यतन होने चाहिए, जिससे किसी भी प्रकरण में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। इसके साथ ही थानों पर खड़े जब्त एवं सरकारी वाहनों के रख-रखाव को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

संवेदनशील मामलों में न करें हीलाहवाली

SSP ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने तथा थाना क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ सौम्य व्यवहार रखने और संवेदनशील मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आमजन का विश्वास मजबूत किया जाए

इस दौरान पुलिस महकमे में काफी सक्रियता देखने को मिली। थानों में हड़कंप मचा रहा कि कही कप्तान की गाड़ी उनके तरफ न घूम जाये। SSP ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *