बच्चों के सामने सफाई कर्मी पति बना हैवान, पत्नी को लाठी से पीटकर मार डाला… मां के शव से लिपटकर बिलखते रहे बच्चे

बच्चों के सामने सफाई कर्मी पति बना हैवान, पत्नी को लाठी से पीटकर मार डाला… मां के शव से लिपटकर बिलखते रहे बच्चे

होली से ठीक पहले बहराइच जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सुजौली थाना क्षेत्र के रमपुरवा स्थित एक राजकीय विद्यालय परिसर में रह रहे दंपति के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में पति ने पत्नी की लाठी से पिटाई कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। उसके बाद घर छोड़कर फरार हो गया। मां के शव से लिपटकर बच्चे बिलखते रहे।

बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के गांव रमपुरवा स्थित राजकीय विद्यालय की है। यहां सूरज पुत्र मुन्नालाल निजी तौर पर सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। वह अपनी पत्नी रेखा और दो छोटे बच्चों के साथ विद्यालय परिसर में ही रह रहा था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते उग्र झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर सूरज ने पास में रखी लाठी से रेखा पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। गंभीर चोटें लगने से रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। विद्यालय परिसर में हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। तुरंत पुलिस को खबर दी गई।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कुछ ही घंटे में आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना पर थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। मामले में मृतका की मां चंपा ने थाने में तहरीर देकर दामाद के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कुछ ही घंटों में उसे गिरफ्तार कर लिया। गहन पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *