फतेहपुर जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में जिले की पुरानी मतदाता सूची से 3.15 लाख से अधिक नाम हटा दिए गए हैं, जिससे हर छठा मतदाता सूची से बाहर हो गया है। इस बड़े बदलाव को लेकर राजनीतिक और आम मतदाताओं के बीच चर्चा तेज हो गई है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, वर्ष 2025 की मतदाता सूची में फतेहपुर जनपद की छह विधानसभाओं में कुल 19,32,441 मतदाता दर्ज थे। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद जारी आलेख्य मतदाता सूची में अब केवल 16,16,973 मतदाता ही शामिल हैं। इस प्रकार, कुल 3,15,468 मतदाताओं के नाम वर्तमान सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। हटाए गए नामों में से 1,34,207 मतदाता ‘नो-मैपिंग’ श्रेणी में रखे गए हैं। इन मतदाताओं ने गणना प्रपत्र में वर्ष 2003 की मतदाता सूची की प्रविष्टियां अंकित नहीं की थीं, या उनका मिलान स्वयं अथवा प्रोजेनी के रूप में 2003 की सूची से नहीं हो सका। शेष 14,82,766 मतदाताओं की मैपिंग विशेष पुनरीक्षण के दौरान पूरी कर ली गई है। प्रशासन के मुताबिक, नो-मैपिंग श्रेणी में रखे गए सभी मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन नोटिसों की सुनवाई संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा 06 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक की जाएगी। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो मतदाता सूची से बाहर रह गए हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने और फॉर्म-8 से संशोधन करा सकते हैं। यह प्रक्रिया बूथ लेवल अधिकारी के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध है। प्रशासन का कहना है कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा। तब तक दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद सूची में बदलाव संभव है। विधानसभा वार सूची 1-जहानाबाद विधानसभा में कुल 2,67,618 मतदाता हैं, जिनमें 1,49,582 पुरुष और 1,18,035 महिलाएं शामिल हैं। 2-बिंदकी विधानसभा में 2,72,017 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,50,564 पुरुष और 1,21,449 महिलाएं हैं। 3-फतेहपुर सदर विधानसभा में सबसे अधिक 2,86,759 मतदाता हैं, जिनमें 1,55,785 पुरुष और 1,30,970 महिलाएं शामिल हैं। 4-अयाह शाह विधानसभा में कुल 2,32,769 मतदाता हैं, जिनमें 1,30,192 पुरुष और 1,02,573 महिलाएं हैं। 5-हुसैनगंज विधानसभा में 2,65,078 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1,46,971 पुरुष और 1,18,098 महिलाएं शामिल हैं। 6-खागा विधानसभा में कुल 2,92,732 मतदाता हैं, जिनमें 1,62,771 पुरुष और 1,29,952 महिलाएं हैं।


