फतेहाबाद जिले के गांव धांगड़ निवासी नौकरीपेशा महिला के मोबाइल को हैक कर अकाउंट से रुपए निकालने का मामला सामने आया है। महिला से धोखाधड़ी कर उनके अकाउंट से 85 हजार रुपए निकाल लिए गए। अब साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। महिला प्राइवेट नौकरी करती है। पुलिस को दी शिकायत गांव धांगड़ निवासी डिंपल रानी ने बताया है कि वह हिसार में प्राइवेट नौकरी करती है। 30 अक्टूबर 2025 को उनके पास एक कॉल आई। कॉलर ने कहा कि आपने किसी कंपनी के कस्टमर केयर के लिए सर्च किया था। इस पर उन्होंने कहा कि हां, मुझे कोई प्रोडक्ट एक्सचेंज करवाना था। इसके बाद कॉलर ने उनके मोबाइल के वॉट्सऐप पर लिंक भेजा। लिंक भेजते ही हैक हो गया मोबाइल महिला ने बताया कि वॉट्सऐप पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। फिर थोड़ी देर में ही उनके बैंक आफ बड़ौदा के अकाउंट से 85 हजार रुपए कटने का टैक्स मैसेज प्राप्त हुआ। इससे उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने अगले दिन साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई। पहले हांसी चली गई शिकायत डिंपल रानी ने बताया कि पहले उनकी शिकायत हांसी साइबर थाना में चली गई। इसके बाद उन्होंने अपनी शिकायत को हांसी साइबर थाना से फरवरी में फतेहाबाद साइबर थाना में ट्रांसफर करवा लिया। महिला के अनुसार, अपनी नौकरी में व्यस्त होने के कारण वह अब तक अपने ब्यान नहीं लिखवा सकी। अब बयान दर्ज करवाने के बाद साइबर पुलिस फतेहाबाद ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।


