फरीदाबाद में कारोबारी से 4 करोड़ की ठगी:फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश कराई रकम, शेयर मार्किट में मोटे मुनाफे का लालच दिया

फरीदाबाद में साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का दावा कर एक बिजनेसमैन से करीब चार करोड़ रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने एक नकली ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश की रकम पर कई गुना रिटर्न दिखाया और भरोसा जीत लिया। बाद में पैसे निकालने के नाम पर और रकम मांगकर ठगी को अंजाम दिया गया। फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए निवेश सेक्टर-15 निवासी कारोबारी अरुण कुमार ने साइबर थाना सेंट्रल में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि अक्टूबर 2025 में उनके मोबाइल पर एक अंजान कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति डेन रोबिन ने खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताते हुए कम समय में निवेश दोगुना होने का दावा किया। उसने एक फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म “आरएफएक्स मार्केट” के जरिए निवेश करने का सुझाव दिया। ऑनलाइन अकाउंट बनाकर कर निवेश कराया ठगों की बातों में आकर कारोबारी ने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करना शुरू कर दिया। 26 अक्टूबर से 7 नवंबर 2025 के बीच कई बार में करीब चार करोड़ रुपये जमा कराए गए। इसके बाद फर्जी प्लेटफॉर्म पर खाते में भारी मुनाफा दिखाया जाने लगा, जिससे कारोबारी को निवेश सुरक्षित होने का भरोसा हो गया। पैसे निकालने की कोशिश पर ठगी का पता चला जब पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने आयकर और टीडीएस का हवाला देकर और पैसे मांगने शुरू कर दिए। इसी दौरान कारोबारी को धोखाधड़ी का शक हुआ और उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल अब बैंक खातों और कॉल डिटेल्स के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *