इटावा में युवती ने प्रेमी के घर में खाया जहरीला पदार्थ, शादी से कर रहा था इंकार

इटावा में युवती ने प्रेमी के घर में खाया जहरीला पदार्थ, शादी से कर रहा था इंकार

Girlfriend consumed poisonous substance: इटावा में एक युवती ने प्रेमी के घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे प्रेमी के घर में हड़कंप मच गया। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और अब शादी से इनकार कर रहा है। ‌इस संबंध में उसने थाने में शिकायती पत्र भी दिया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने 108 को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना भरथना थाना क्षेत्र की है।

प्रेमी से मिलने उसके घर गई थी युवती

उत्तर प्रदेश के इटावा के भरथना थाना क्षेत्र अंतर्गत एक कस्बे की रहने वाली युवती प्रेमी से मिलने के लिए उसके घर गई थी। जहां दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि युवती ने प्रेमी के घर के बाहर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस के माध्यम से उसे सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया। जिसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लेकर गए।

सोशल मीडिया से हुआ था संपर्क

22 वर्ष की युवती ने बताया कि 2 वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसका संपर्क ब्रजराज नगर निवासी युवक से हुआ था। समय के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुए। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण भी किया। युवक ने आश्वासन दिया था कि शादी कर लेंगे। लेकिन अब परिवार वालों का हवाला देकर शादी से इनकार कर रहा है और कहता है कि घरवाले शादी करने से मना कर रहे हैं।

पुलिस से भी की थी शिकायत

युवती ने बताया कि बीते 10 फरवरी को उसने थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने सकारात्मक कदम नहीं उठाया। काफी प्रयासों के बाद जब बात नहीं बनी तो वह उसके घर पहुंच गई। जहां वाद विवाद होने के बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। अब उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *