इटावा में किसान का शव पेड़ से लटका मिला:घर से खेत जाने की कहकर निकला था, पुलिस ने जताई सुसाइड की आशंका

इटावा में किसान का शव पेड़ से लटका मिला:घर से खेत जाने की कहकर निकला था, पुलिस ने जताई सुसाइड की आशंका

इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम मलाजनी में शनिवार सुबह 58 वर्षीय किसान संतोष पाल का शव खेत के पास बकाइन के पेड़ से लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। वह सुबह घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। तलाश करने पर उनका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में मचा हड़कंप, खेत के पास मिला शव शनिवार सुबह गांव मलाजनी में उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया, जब खेत के पास एक पेड़ से शव लटका दिखाई दिया। पास जाकर देखा गया तो मृतक की पहचान 58 वर्षीय किसान संतोष पाल पुत्र रामगोपाल के रूप में हुई। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी गई। घर से खेत जाने की कहकर निकले थे परिजनों के मुताबिक संतोष पाल सुबह खेत पर काम करने की बात कहकर घर से निकले थे। जब वह काफी समय तक वापस नहीं लौटे तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें खोजते हुए खेत की ओर पहुंचे, जहां उनका शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा ग्रामीणों ने बताया कि संतोष पाल की पत्नी शोभा देवी का लगभग 35 वर्ष पहले निधन हो चुका था और उनकी कोई संतान नहीं थी। वह अपने छोटे भाई विजय कुमार के परिवार के साथ रहते थे। दोनों भाइयों के पास करीब सात बीघा कृषि भूमि थी, जिस पर मिलकर खेती कर परिवार का गुजारा होता था। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *