एटा जिले के कुठिला लायकपुर गांव में सीढ़ियों पर बाइक चढ़ाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, एक पक्ष से चार लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के भी चार लोगों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। घायल अवधेश कुमार ने बताया कि उनका भाई बाइक लेकर जा रहा था, तभी बाइक राजेंद्र के मकान की सीढ़ियों पर चढ़ गई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। जब वे लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, तो दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उनके पक्ष से रोहित और अवधेश सहित चार लोग घायल हुए हैं। कोतवाली देहात थाना प्रभारी विनोद कुमार ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों से चार-चार लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत के आधार पर उन्हें शांति भंग के आरोप में पाबंद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


