भाजपा ने तरनतारन-अमृतसर के डीएम गगनदीप रंधावा की आत्महत्या के मामले में सोमवार को मोगा में पंजाब सरकार का पुतला फूंका। पंजाब महासचिव अनिल सरीन ने मंत्री रहे लालजीत सिंह भुल्लर की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे प्रशासनिक तंत्र और आम लोगों में चिंता पैदा कर दी है। भुल्लर ने पर गगनदीप रंधावा को घर बुलाकर पीटने का आरोप अनिल सरीन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि परिवार का आरोप है कि मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने गगनदीप रंधावा को घर बुलाकर उनके साथ मारपीट की। उन पर पिस्तौल की नोक पर 10 लाख रुपये लेने की बात कबूल करवाने वाला एक वीडियो जबरन बनवाने का भी आरोप है। इस घटना के बाद गगनदीप रंधावा ने आत्महत्या कर ली थी। मंत्री के पिता को टेंडर नहीं दिए जाने के कारण हुआ विवाद सरीन ने आरोप लगाया कि यह पूरा मामला मंत्री के पिता को टेंडर न दिए जाने के कारण खड़ा हुआ। उन्होंने इसे सत्ता के दुरुपयोग का स्पष्ट उदाहरण बताया, जिसमें अधिकारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि 13 तारीख को घटना होने के बावजूद पंजाब सरकार ने एक हफ्ते तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने कहा कि जब यह मामला डिप्टी कमिश्नर, चीफ सेक्रेटरी और डीजीपी तक पहुंच गया था, तब भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सरीन ने पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला किया।


