देवास के बीएनपी थाना क्षेत्र में एक युवक के गले पर कैंची से हमला कर उसे घायल करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना 23 फरवरी 2026 की है, जबकि मामले की रिपोर्ट 26 फरवरी को बीएनपी थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी दौरान पीड़ित युवक विवाद शांत कराने और बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचा। इसी बीच गुस्से में आकर आरोपी कल्याण सिंह, निवासी ग्राम बनाफर, ने युवक के गले पर कैंची से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बीएनपी थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के बाद आरोपी कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


