देवरिया में थाना भाटपाररानी पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की तीन मोटरसाइकिलों और 54 लीटर अवैध देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की हैं, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। थानाध्यक्ष भाटपाररानी के अनुसार, रविवार सुबह क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध शराब की खेप बिहार ले जाने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने विशुनपुर ढाला के पास घेराबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की। पुलिस ने मौके से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें UP53AA0562 (सीडी डीलक्स), BR29Z3835 (हीरो सुपर स्प्लेंडर) और BR28AC5938 (स्प्लेंडर प्लस) शामिल हैं। तलाशी के दौरान मिले सामान तलाशी के दौरान इन मोटरसाइकिलों से प्लास्टिक की बोरियों में लदी 6 पेटी अवैध देशी शराब ‘बंटी बबली’ बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 54 लीटर है। इसके अलावा, पुलिस ने दो फर्जी नंबर प्लेट भी जब्त कीं, जिनका उपयोग वाहनों की पहचान छिपाने के लिए किया जा रहा था। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पप्पू कुमार साहनी पुत्र नैपाल साहनी, निवासी ग्राम खुर्द टड़वा, पोस्ट बकुलारी, थाना गुठनी, जिला सिवान (बिहार) और विशाल गिरी पुत्र अनिल गिरी, निवासी ग्राम नोनार पाण्डेय, पोस्ट कोठीलवा, थाना बनकटा, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। वहीं, तीसरा आरोपी शिवकुमार मौके से मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी शिवकुमार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस संबंध में थाना भाटपाररानी पुलिस द्वारा धारा 317(2), 341(2) बीएनएस तथा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


