छिंदवाड़ा के गुरैया बायपास पर बीती सोमवार शाम चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मांझे से युवक का गला बुरी तरह कट गया है और बाइक से गिरने के कारण उसके कंधे की हड्डी व एक पसली भी टूट गई है। घायल को गंभीर हालत में क्लेरिस हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय राहुल अपने पिता को लेने जा रहा था। तभी गुरैया बायपास पर अचानक वह सड़क पर फैले चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया, जिससे गर्दन गहरी कट गई। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से वह बाइक से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसे अन्य गंभीर चोटें भी आईं। गर्दन में खून जमा अस्पताल के डॉक्टर मनन गोगिया ने बताया कि युवक की गर्दन में गहरी चोट है और वहां खून भी जमा हो गया है। देर रात युवक का ऑपरेशन किया जाना है, जिसमें करीब 15 टांके लगने की आशंका है। डॉक्टरों के मुताबिक चोट गंभीर होने के कारण इलाज लंबा चल सकता है। ऑपरेशन के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पहले 43 टांके और बच्चे का कान कट चुका जिले में चाइनीज मांझे से हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले चंदन गांव में काम से लौट रहे एक व्यक्ति का गला मांझे में फंस गया था, जिससे उसे गले में 43 टांके आए थे। वहीं, बीते दिनों घर के सामने खेल रहे 9 साल के एक बच्चे का कान भी इसी मांझे की चपेट में आने से कट गया था, जिसे जोड़ने के लिए 5 टांके लगाने पड़े थे। प्रशासन की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद जिले में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। प्रशासन की कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है। शहरवासियों ने मांग की है कि इस जानलेवा मांझे की बिक्री और उपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।


