छिंदवाड़ा में चलती ट्रेन के 3 डिब्बे इंजन से अलग:बैतूल जा रही पैसेंजर की कपलिंग टूटी; 20 मिनट खड़ी रही ट्रेन, बड़ा हादसा टला

छिंदवाड़ा में चलती ट्रेन के 3 डिब्बे इंजन से अलग:बैतूल जा रही पैसेंजर की कपलिंग टूटी; 20 मिनट खड़ी रही ट्रेन, बड़ा हादसा टला

छिंदवाड़ा से बैतूल जा रही पैसेंजर ट्रेन के साथ मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। शहर के चार फाटक क्षेत्र के पास दोपहर करीब 12 बजे चलती ट्रेन की तकनीकी कपलिंग अचानक टूट गई। इससे ट्रेन के पीछे के तीन डिब्बे इंजन और बाकी ट्रेन से अलग होकर पीछे छूट गए। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। चलते-चलते अचानक डिब्बे अलग होने से ट्रेन में जोरदार झटका लगा। इससे उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। डिब्बे पटरी पर ही रुक गए, जबकि इंजन बाकी डिब्बों के साथ कुछ दूर आगे जाकर रुका। हालांकि, घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। 20 मिनट बाद दोबारा रवाना हुई ट्रेन घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। रेलवे प्रबंधन ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण कपलिंग टूटी थी। टीम ने मौके पर ही सुधार कार्य किया। करीब 20 मिनट तक सुधार कार्य चलने के बाद ट्रेन को दोबारा जोड़कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जांच के आदेश रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना के समय ट्रेन की रफ्तार काफी कम थी, इसी वजह से डिब्बे पटरी से नहीं उतरे और बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, कपलिंग में यह तकनीकी खामी कैसे आई और यह क्यों टूटी, रेलवे ने इसकी जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *