भीलवाड़ा में शराब समझकर गटक ली ‘मौत’ 

भीलवाड़ा में शराब समझकर गटक ली ‘मौत’ 

भीलवाड़ा। जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे प्रशासनिक अमले को हिला कर रख दिया है। यहां आलोली गांव में शराब के धोखे में खाना गर्म करने वाला ज्वलनशील पदार्थ (एसिड- फ्यूल) पीने से एक ही परिवार के दंपती समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। शादी समारोह से ‘शराब’ समझकर चुराई गई मौत की इन बोतलों ने घुमंतू परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घटना के बाद जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू और पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना में आलोली की कंजर बस्ती निवासी रतन (45) पुत्र मसरिया कंजर,उसकी पत्नी सुशीला देवी (40 ) एवं जमनी देवी (50 ) पत्नी शंकर कंजर व बादामी देवी (55 ) पत्नी जानकी लाल की मौत हुई है। जबकि एक अन्य महिला सन्नू कंजर (22 ) की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर से जिला प्रशासन, पुलिस व आबकारी विभाग में हडकंप मच गया। पुलिस व आबकारी विभाग ने भीलवाड़ा में भी एसिड बेचने वाले के यहां दबिश दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *