बैतूल मंडी में खुली ट्रॉली में होगी उपज नीलामी:प्लेट कांटे पर तुलाई की व्यवस्था रहेगी; अधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक

बैतूल मंडी में खुली ट्रॉली में होगी उपज नीलामी:प्लेट कांटे पर तुलाई की व्यवस्था रहेगी; अधिकारियों, कर्मचारियों की बैठक

बैतूल कृषि उपज मंडी में किसानों को नीलामी, तौल और भुगतान से जुड़ी समस्याओं तथा तुलाई विवादों के बीच प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। इन परेशानियों को दूर करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सह-भारसाधक अधिकारी की अध्यक्षता में मंडी के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक आकस्मिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम ने मंडी प्रांगण में किसानों को होने वाली असुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। आगामी गेहूं सीजन को देखते हुए, उन्होंने व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम तथा पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। इस बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि गेहूं सीजन में किसानों की उपज की नीलामी अब खुली ट्रॉली में ही की जाएगी। मंडी स्टाफ को यह भी निर्देश दिए गए कि नीलामी के तुरंत बाद प्लेट कांटे पर तुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। कृषि उपज मंडी समिति बैतूल ने किसानों से अपील की है कि वे आगामी गेहूं सीजन में अपनी उपज खुली ट्रॉली में ही मंडी लेकर आएं। इससे नीलामी, तुलाई और शीघ्र भुगतान की प्रक्रिया ट्रॉली में ही पूरी हो सकेगी, जिससे किसानों का समय बचेगा। बैतूल मंडी में तुलाई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहे हैं। इस मुद्दे पर तुलैयों और व्यापारियों द्वारा हड़ताल भी की जा चुकी है। किसान लगातार शिकायत करते रहे हैं कि उनसे तुलाई के लिए अतिरिक्त पैसे मांगे जाते हैं। इन्हीं अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने यह बैठक बुलाई और सुधार के निर्देश जारी किए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *