आजमगढ़ में भीषण सर्दी के साथ घना कोहरा:जिला प्रशासन ने दिए जगह-जगह अलाव जलाने के निर्देश लाइट जला कर चल रही है गाड़ियां

आजमगढ़ में भीषण सर्दी के साथ घना कोहरा:जिला प्रशासन ने दिए जगह-जगह अलाव जलाने के निर्देश लाइट जला कर चल रही है गाड़ियां

आजमगढ़ मे कोहरे का कहर लगातार जारी है। मंगलवार को सीजन का सबसे घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण गलन भी जारी रही। लगातार बढ़ रही सर्दी और कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार से ही जिले के कई स्थानों पर अलाव भी जलवाने शुरू कर दिए हैं। दिन में भी जिले में घना कोहरा छाया रहा जिसके कारण लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिले में घने कोहरे के कारण दिन में चलने वाली गाड़ियां लाइट जला कर चल रही है। विगत बुधवार से जिले में कोहरे का प्रकोप शुरू हो गया है। रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जा रहा है। वहीं कोहरे के कारण दृश्यता तीन मीटर ही रह जा रही है। ऐसे में सड़क पर चलने वाले लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अचानक हुए इस मौसम परिवर्तन से जनजीवन अस्त-व्यस्त होता नजर आ रहा है। जिले में लोग ठिठुरते हुए अपने गंतव्य स्थलों को आते जाते दिखे। तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। इस मौसम का असर बसों और रेलों पर भी पड़ रहा है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में दूर दराज जाने वाले यात्रियों को काफी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। 4 घंटे में अपने गंतव्य स्थलों पर पहुंचने वाली बसें 6 घंटे से 7 घंटे में पहुंच रही हैं। इसका मुख्य कारण घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी का कम होना है। जिले में घने कोहरे के कारण ही गुरुवार को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत भी हो गई। और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए आजमगढ़ के मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी लोग मेरठ के रहने वाले थे जो वाराणसी जा रहे थे। इसी दौरान कोहरे के कारण तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई। जिस कारण यह हादसा हो गया। आने वाले दिनों में और बढ़ेगी सर्दी मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में और घना कोहरा पड़ेगा इसके साथ ही सर्दी भी पड़ेगी। कोहरे का असर सड़कों पर भी पड़ा है। यही कारण है कि 13 दिन पूर्व आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र में एक कार घने कोहरे के कारण पेड़ से जा टकराई थी। जिसमें दो लोगों की मौत भी हो गई थी। वहीं जिला प्रशासन रैन बसेरे को चुस्त दुरुस्त रखने का निर्देश दे चुका है। जिले के डीएम रविंद्र कुमार के निर्देश पर जिले के सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में लगातार अलाव और रैन बसेरे का निरीक्षण कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *