अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब पाकिस्तान से उड़कर आया गुब्बारों से बंधा एक संदिग्ध बैनर एक घर की छत पर आ गिरा, जिस पर लिखे शब्दों को भारत में किसी कोड वर्ड के जरिए सूचना भेजने की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैनर गुब्बारों के सहारे उड़ता हुआ पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल हुआ और जंडियाला गुरु के एक रिहायशी इलाके में एक मकान की छत पर जा गिरा। बच्चों द्वारा बैनर से खेलने की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैनर कब्जे में लिया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस ने बच्चों के हाथों से गुब्बारों से बंधे बैनर को कब्जे में लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बैनर पर लाल, नीले और काले रंग से उर्दू भाषा में लिखा गया है। बताया जा रहा है कि बैनर पर पाकिस्तान में इस्तेमाल होने वाली एक मेडिकल कैप के बारे में जानकारी दी गई है, साथ ही एक मोबाइल नंबर भी अंकित है। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर बढ़ाई निगरानी पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले को सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीरता से लिया जा रहा है। बैनर कहां से भेजा गया, इसके पीछे क्या मकसद था और इसमें लिखी जानकारी का उद्देश्य क्या है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बैनर को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे जाने की भी संभावना है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और सीमा पार से इस तरह की गतिविधियों को लेकर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसे छूने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।


