पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सड़क किनारे स्थित कई दुकानों को टक्कर मार दी। घटना सरस्वती मंदिर के पास हुई, जिसमें कई गुमटियां और टपरियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन तेज गति से आ रहा था। सरस्वती मंदिर के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे बनी पान, फल और सब्जी की गुमटियों में जा घुसी। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर आ गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अजयगढ़ थाना पुलिस को दी। इस हादसे में दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उनकी गुमटियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें रखा सामान सड़क पर बिखर गया। रात होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि दुकानें किनकी थीं और कुल कितना नुकसान हुआ है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। अजयगढ़ पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार पिकअप वाहन की तलाश कर रही है।


