आगर-उज्जैन मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर शाम 45 साल के शख्स को बस ने कुचल दिया। हादसे में गोविंद सूर्यवंशी की मौत हो गई। घटना तनोड़िया उपमंडी के सामने की है। चश्मदीदों ने बताया कि गोविंद सूर्यवंशी उपमंडी के पास सड़क किनारे खड़े थे। तभी आगर की तरफ से आ रही बी.के. यादव ट्रेवल्स की बस बड़ी तेज रफ्तार में आई और अचानक बेकाबू हो गई। बस ने गोविंद को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह सीधे बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने अपनी गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल हादसे की खबर मिलते ही तनोड़िया चौकी प्रभारी सचिन धाकड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल की हालत नाजुक देखते हुए पुलिस ने एम्बुलेंस का इंतजार नहीं किया और तुरंत अपनी ही गाड़ी से उन्हें आगर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने घायल को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन काफी ज्यादा खून बह जाने और अंदरूनी चोटों के कारण गोविंद की मौत हो गई। बस जब्त, पुलिस कर रही है कार्रवाई पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और बी.के. यादव ट्रेवल्स की उस बस को जब्त कर पुलिस चौकी में खड़ा करवा लिया है। मृतक के शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रखा गया है, जिसका शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा बस की खराबी की वजह से हुआ या ड्राइवर की लापरवाही से।


