नारनौंद में प्लॉट विवाद में युवक पर हमला:लाठी-डंडे लेकर घर में घुसे हमलावर; महिला के कपड़े फाड़ने का आरोप

नारनौंद में प्लॉट विवाद में युवक पर हमला:लाठी-डंडे लेकर घर में घुसे हमलावर; महिला के कपड़े फाड़ने का आरोप

हिसार जिले के नारनौंद स्थित पेटवाड़ गांव में प्लॉट विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला के कपड़े फाड़ने और एक युवक पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने घायल सुरेश के बयान पर 28 जनवरी को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में पेटवाड़ के सुरेश ने बताया कि 9 जनवरी को सुबह करीब 11:30 बजे वह और उनकी पत्नी अंगूरी देवी घर पर थे। उनकी पत्नी मकान के पीछे उपले पाथ रही थी। इसी दौरान संतोष, सुशीला, रमेश और नरेश लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने प्लॉट पर चल रहे केस को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी। नरेश पर सुरेश की पत्नी से हाथापाई करने और उनके कपड़े फाड़ने का आरोप है। पानी की बारी को लेकर बढ़ा विवाद पीड़ित के अनुसार, कुछ देर बाद करीब 12 बजे आरोपी दोबारा लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे। इस बार पानी की बारी को लेकर विवाद बढ़ गया। सुरेश ने कहा कि प्लॉट का फैसला होने तक वह अपने खेत की नाली से पानी नहीं लगने देगा। इस पर नरेश ने डंडे से सुरेश के दाहिने हाथ की उंगली पर वार किया। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर सुरेश पर हमला कर दिया। शोर सुनकर सुरेश की बहू सोनिया ने वीडियो बनाने की बात कही, जिसके बाद उनका बेटा वीरेंद्र मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उन्हें छुड़वाया। आरोपियों द्वारा अंगूठी ले जाने की पुष्टि नहीं घटना में घायल सुरेश को पहले सीएचसी खांडा खेड़ी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हिसार के नागरिक अस्पताल रेफर किया गया। बाद में एक्स-रे रिपोर्ट में फ्रैक्चर पाए जाने पर पुलिस ने 28 जनवरी को मामला दर्ज किया। सुरेश ने अपनी उंगली से सोने की अंगूठी गिरने की बात भी कही, हालांकि पुलिस जांच में आरोपियों द्वारा अंगूठी ले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने सुरेश के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 115(2), 117(2) व 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *