पाकिस्तान (Pakistan) के पूर्व पीएम इमरान खान (Imran Khan) 2 साल से भी ज़्यादा समय से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। जेल में टॉर्चर और मेडिकल सुविधाओं के अभाव में इमरान की सेहत बिगड़ती जा रही है। जेल में टॉर्चर की वजह से इमरान की दाहिनी आँख से देखने की 85% क्षमता खत्म हो चुकी है। उनकी दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन की वजह से परेशानी हो रही है और मेडिकल सुविधा नहीं मिलने की वजह से अब सिर्फ 15% क्षमता ही बची है। ऐसे में उनका परिवार, रिश्तेदार, पार्टी के सदस्य और समर्थक यह मांग उठा रहे हैं कि इमरान को सही इलाज मुहैया कराया जाए।
कुछ देर के लिए जेल से बाहर आए इमरान खान
73 वर्षीय इमरान को आज, मंगलवार, 24 फरवरी को आधी रात के कुछ देर बाद करीब 12.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) अदियाला जेल से पाकिस्तान इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (PIMS) ले जाया गया, जहाँ उनकी आँखों की जांच और ज़रूरी इलाज किया गया। इसके बाद कार्डियक इवैल्यूएशन भी किया गया। इमरान का इकोकार्डियोग्राफी और इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम (ईसीजी) करने के बाद परिणाम सामान्य आए।
जांच के बाद वापस भेजा गया जेल
इमरान को पूरी सुरक्षा के साथ जेल से बाहर निकालकर पाकिस्तान इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ ले जाया गया। उनकी सेहत और गिरफ्तारी को लेकर स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है और ऐसे में इमरान के इस अस्पताल दौरे को बहुत कंट्रोल में रखा गया था। आँखों के ज़रूरी इलाज और दिल की जांच और परिणाम सामने आने के बाद इमरान को वापस जेल भेज दिया गया।


