IMD weather alert: मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में चुर्क का तापमान सबसे कम दर्ज किया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि गोरखपुर, बनारस एयरपोर्ट का 4.8, और बरेली, सुल्तानपुर का 5 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त मेरठ, बुलंदशहर, अयोध्या, आजमगढ़, फुरसतगंज, और प्रयागराज का तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त बहराइच, बाराबंकी, कानपुर नगर, लखनऊ, खुरई, हरदोई, फतेहगढ़, शाहजहांपुर, इटावा, आगरा, मुरादाबाद, नजीबाबाद, मुजफ्फरनगर और बस्ती का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।
अलीगढ़ का अधिकतम तापमान सबसे कम
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में आज बांदा का तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया, जो 18.6 डिग्री है। इसके साथ ही उरई का 17.5, प्रयागराज का 17 डिग्री, बहराइच का 16.8 डिग्री दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में सबसे कम तापमान अलीगढ़ का दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम है। इसके अतिरिक्त मुरादाबाद, बुलंदशहर, बरेली, शाहजहांपुर का तापमान 12 से 14 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों में तापमान 14 से 18 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है।
उत्तर भारत में लगातार कड़ाके की ठंड
मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एसएन सुनील पांडे ने बताया कि उत्तर भारत में लगातार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं का गंगा के मैदानी भागों में जबरदस्त असर दिखाई पड़ रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान माइनस में पहुंच गया है। अभी धुंध और कोहरे का असर भी है। लेकिन दोपहर में धूप निकलेगी। रात का तापमान और गिरने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों को छोड़कर उत्तर भारत में कहीं भी बारिश की गतिविधियां नहीं हैं।
बंगाल की खाड़ी में मौसमी हलचल हो रही
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटे में भी कोई पश्चिमी विक्षोभ नहीं दिखाई पड़ रहा है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में मौसमी हलचल हो रही है, जिसका असर दिखाई पड़ रहा है। मौसम में नमी आ रही है। ऊंचे आसमान पर काले बादल छाए रहेंगे। इसका असर उत्तर भारत पर भी पड़ सकता है।


