IMD Alert: राजस्थान में फिर पलटी मारेगा मौसम, 7-8 अप्रेल के लिए तेज आंधी-बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

IMD Alert: राजस्थान में फिर पलटी मारेगा मौसम, 7-8 अप्रेल के लिए तेज आंधी-बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में एक दिन पहले चला आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शनिवार को भी जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से पिछले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश दर्ज की गई।

शनिवार को जयपुर, भरतपुर, कोटा, सवाईमाधोपुर, अजमेर, और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी और बारिश हुई। इसके अलावा कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। इसके अलावा, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन पश्चिमी विक्षोभ के धीमा पड़ने से मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं एक बार फिर 7-8 अप्रेल को इसके सक्रिय होने से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।

6 अप्रेल को भी रहेगा हल्का असर

मौसम विभाग ने 6 अप्रेल से मौसम में एक बार फिर हल्के बदलाव की चेतावनी दी है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में दोपहर बाद एक नया, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे राज्य के कई हिस्सों में दोबारा आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

7 और 8 अप्रेल को फिर बदलेगा मिजाज

7 अप्रेल को नए पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इस दौरान बीकानेर, अजमेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। वहीं कई जगहों पर भारी ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इसके अलावा 8 अप्रेल को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है।

सामान्य से छह डिग्री तक कम रहा पारा

इधर, एक दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। दिन के अधिकतम तापमान में छह डिग्री तक गिरावट हुई, वहीं रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *