ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
राजस्थान के कई जिलों में पूरी रात बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी।
जयपुर. राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र द्वारा जारी तात्कालिक चेतावनी (Nowcast Warning) के अनुसार राज्य के कई जिलों में रातभर बारिश होने की संभावना है। खासतौर पर जयपुर, अजमेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है, जिससे किसानों और आमजन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा बीकानेर, श्रीगंगानगर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, नागौर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ और अलवर सहित कई जिलों में भी बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इन इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।

विशेषज्ञों के अनुसार यह मौसम परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हो रहा है। आने वाले 24 घंटों में मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है। प्रशासन ने भी आमजन से सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।


