संभल में सरकारी खाद के गड्ढे की जमीन पर अवैध रूप से बने दो मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। राजस्व विभाग की टीम ने बुलडोजर चलाकर 180 वर्गमीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। यह कार्रवाई तहसीलदार न्यायालय के आदेश पर की गई। कार्रवाई शनिवार शाम 4 बजे थाना असमोली क्षेत्र के गांव हरथला में की गई। राजस्व निरीक्षक अमीरचंद्र पांच लेखपालों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गांव के गाटा संख्या 488 रकवा 0.151 में से 0.018 हेक्टेयर (180 वर्गमीटर) भूमि पर उस्मान पुत्र जाकिर और आबिद पुत्र महमूद ने अवैध रूप से कब्जा कर मकान बना लिए थे। तहसीलदार न्यायालय संभल ने धारा 67 के तहत अवैध कब्जा हटाने के आदेश जारी किए थे। तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार सिंह ने कानूनगो अमीरचंद्र के नेतृत्व में आयुष कुमार, विकास कुमार, मुकेश कुमार शर्मा, दिगपाल सिंह और आशु कुमार गौतम सहित पांच लेखपालों की टीम गठित की थी। थाना असमोली प्रभारी मोहित चौधरी और प्रिंसिपल के साथ राजस्व प्रशासन की टीम ने गांव पहुंचकर मकान खाली करने को कहा, जिसके बाद बुलडोजर से मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कानूनगो अमीरचंद्र ने बताया कि यह कार्रवाई तहसीलदार न्यायालय संभल के धारा 67 के आदेश का पालन करते हुए की गई है। 180 वर्ग मीटर भूमि पर बने दोनों मकानों को हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया गया है। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी दी कि तहसील क्षेत्र में जहां भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, उसे हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराने के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।


