जिले में अवैध खनन इस कदर हो रहा है कि अब सरकारी आरोण और पहाड़ियां सुरक्षित नहीं रही है। खनन विभाग ने लीज दे रखी है, लेकिन लीज की आड़ में अवैध खनन किया जा रहा है। इस संबंध में लोगों ने खनन विभाग से शिकायत भी की, लेकिन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। खनन विभाग ने बाड़मेर और बालोतरा जिलों में पिछले एक वर्ष में 252 मुकदमे दर्ज किए हैं फिर भी अवैध खनन रुक नहीं रहा है। जिले की लंगेरा ग्राम पंचायत का किशनगढ़ जूनी आटी गांव खनन विभाग की लापरवाही का बड़ा उदाहरण है। यहां आवंटित लीज की सीमाओं को लांघकर अवैध खनन हो रहा है। मुख्यमंत्री को शिकायत की,वहां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर को तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए थे, लेकिन इस आदेश को पांच माह का समय हो गया है फिर भी इस क्षेत्र में अवैध खनन थम नहीं रहा है। राजस्व गांव किशनगढ़ जूनी आटी के खसरा नंबर 321 और 323 रिकॉर्ड में गैर मुमकिन पहाड़ी और चारागाह के रूप में दर्ज हैं, लेकिन आवंटित सीमा से कई गुना अधिक भूमि पर अवैध रूप से गहरे गड्ढ़े कर दिए हैं और सरकारी पहाड़ी पर पक्के निर्माण कर लिए हैं। आटी गांव के खसरा नंबर 321 में लीज नंबर 98 से मात्र 100 फीट की दूरी पर कोजाणियों की ढाणी स्कूल है। अवैध खननसे स्कूल भवन और पानी के टांकों में गहरी दरारें आ गई है। 33 हजार टन माल जब्त किया, पुन: निरीक्षण में 22 हजार टन बताया विभाग ने आटी में हो रहे अवैध खनन को लेकर अगस्त माह में कार्रवाई कर मौके पर उपस्थित आरआई ने 6.04 बीघा जमीन का सीमा ज्ञान किया। इसमें से 33 हजार 507 टन माल जब्त किया था, लेकिन विभाग ने जब्त किए माल का पुन: निरीक्षण किया और 22 हजार टन माल की गणना की। इस 22 हजार टन माल में से 9 हजार टन की संबंधित व्यक्ति के पास लीज थी। 13 हजार 205 टन माल के 59 लाख 62 हजार 430 रुपए की वसूली के निर्देश दिए। पिछले एक वित्तीय वर्ष में 252 मुकदमे दर्ज करवाए हैं। 255 वाहनों और मशीनों को जब्त किया है। इसके साथ ही 4 करोड़ 13 लाख 9 हजार की वसूली भी की है। “आटी में अवैध खनन की कई बार शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। मुख्यमंत्री कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान इस मामले को उठाया। वहां से निर्देश के बाद विभाग ने आनन फानन में कार्रवाई की। लीज से बाहर किए अवैध खनन के माल को जब्त किया, लेकिन आज तक इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई।” – श्रवणसिंह लंगेरा, ग्रामीण, जूनी आटी किशनगढ़ “विभाग के पास पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के बावजूद एक साल में 252 मुकदमे दर्ज करवाकर 4 करोड़ 13 लाख रुपए की वसूली की है। 255 वाहनों को भी जब्त किया है।” – वेदप्रकाश, खनिज अभियंता


