लुधियाना जिले में जगराओं के नजदीकी गांव लक्खा में पुलिस ने एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अपने घर में शराब बनाने वाले आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चलती हुई भट्ठी, गैस सिलेंडर, शराब बनाने का अन्य सामान और भारी मात्रा में लाहन बरामद किया। आरोपी के खिलाफ थाना हठूर में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव लक्खा निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ बंटी के रूप में हुई है। पुलिस ने छापेमारी करके पकड़ा आरोपी थाना हठूर के इंचार्ज कुलदीप सिंह ने बताया कि एएसआई सुल्खन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव लक्खा में गश्त कर रही थी। बस स्टैंड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हरप्रीत सिंह अपने घर में अवैध रूप से शराब बना रहा है और उसे गांव व आसपास के इलाकों में बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हरप्रीत सिंह के घर पर छापा मारा और उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को चलती हुई भट्ठी, गैस सिलेंडर और शराब बनाने का अन्य सामान मिला। इसके अतिरिक्त, दो ड्रमों में छिपाकर रखी गई लगभग 80 लीटर लाहन भी बरामद की गई। कंबाइन चलाता है आरोपी पुलिस पूछताछ में आरोपी हरप्रीत सिंह ने बताया कि वह कंबाइन चलाने का काम करता है। हालांकि, कंबाइन का सीजन न होने पर वह अवैध शराब तैयार कर उसे आगे बेचने का धंधा करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। उसे जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


