सीतापुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरगांव थाना क्षेत्र के जंगलों में संचालित अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया। टीम ने तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर शराब तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार किया, हालांकि मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, आबकारी निरीक्षक गिरिजेश कुमार को हरगांव थाना क्षेत्र के पकड़िया, कटका और सुजौला गांवों में लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और तस्करी की सूचना मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर शनिवार को उन्होंने अपनी टीम के साथ जंगलों में छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया और वे मौके से भाग निकले। पुलिस कर रही मामले की जांच छापेमारी के दौरान टीम ने एक अवैध शराब भट्ठी, शराब बनाने के उपकरण, 350 लीटर लहन (कच्चा माल) और 145 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। आबकारी विभाग ने मौके पर ही लहन को नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा शराब निर्माण न हो सके। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि फरार तस्करों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में आबकारी विभाग की ओर से हरगांव थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


