रीवा शहर में अवैध शराब का कारोबार इस कदर बेलगाम हो गया है कि अब ठेलों पर पेटियां सजाकर खुलेआम शराब बेची जा रही है। ताजा मामला बिछिया थाना क्षेत्र के ललपा इलाके का है, जहां ठेले से शराब की खुलेआम बिक्री का एक वीडियो सामने आया है। इस बेखौफ कारोबार ने प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है, जबकि जिम्मेदार आबकारी विभाग ने अब तक इस पर पूरी तरह चुप्पी साध रखी है। वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक ठेले पर शराब की कई पेटियां रखी हुई हैं और वहीं से सीधे ग्राहकों को शराब की सप्लाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ललपा इलाके में यह कोई नई बात नहीं है। यहां लंबे समय से इसी तरह बेखौफ होकर अवैध शराब की पैकारी और खुलेआम सप्लाई का खेल चल रहा है। पुलिस की नाक के नीचे चल रहे इस कारोबार से इलाके के लोग परेशान हैं। अधिवक्ता का सवाल- आबकारी विभाग कर क्या रहा है?
इस मामले को लेकर अधिवक्ता बीके माला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पूरे शहर में इस तरह खुलेआम ठेले पर शराब बिक रही है, तो आबकारी विभाग आखिर कर क्या रहा है? सबसे गंभीर बात यह है कि खुलेआम बिक्री के बावजूद न तो शराब की जब्ती की जा रही है और न ही जिम्मेदारों पर शिकंजा कसा जा रहा है। ‘क्या विभाग को भनक नहीं या जानबूझकर मूंदी आंखें?’
शहरवासियों और अधिवक्ता का सीधा आरोप है कि अवैध शराब के कारण इलाके में अपराध और सामाजिक बुराइयां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई शून्य है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या विभाग को इस अवैध कारोबार की भनक ही नहीं है, या फिर साठगांठ कर जानबूझकर आंखें मूंद ली गई हैं? अब देखना होगा कि इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासन कोई ठोस कदम उठाता है या अवैध शराब का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।


