करौली शहर में बिजली विभाग ने विद्युत चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत करीब 600 घरों से अवैध बिजली कनेक्शन हटाए गए। विभाग ने चोरी करने वालों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। यह विशेष अभियान अधीक्षण अभियंता रूप सिंह गुर्जर और अधिशासी अभियंता दिगंबर दयाल मीना के निर्देशन में चलाया गया। इसमें शहर के सर्वाधिक विद्युत चोरी प्रभावित क्षेत्रों जैसे भगत कॉलोनी, सायनाथ खिड़किया और वजीरपुर गेट को निशाना बनाया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 600 घरों से अवैध जम्पर हटाए गए और कुल 4 विद्युत चोरी प्रकरण (वीसीआर) दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में सहायक अभियंता ललित बाबर और एपीटीपीएस थाना प्रभारी महेंद्र सिंह धाकड़ पुलिस बल के साथ मौजूद थे। कनिष्ठ अभियंता शहर-प्रथम मानवेन्द्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता शहर-द्वितीय एस.के. शर्मा और अन्य तकनीकी कर्मचारियों ने भी इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया। बिजली विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


