WP ग्रुप के जरिए चल रहा था अवैध सट्टा नेटवर्क, पुलिस ने किया भंडाफोड़, 2 महिला सटोरिए गिरफ्तार

WP ग्रुप के जरिए चल रहा था अवैध सट्टा नेटवर्क, पुलिस ने किया भंडाफोड़, 2 महिला सटोरिए गिरफ्तार

CG Online Satta: कवर्धा जिले में अवैध सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो महिला सटोरियों को गिरफ्तार किया है। कबीरधाम पुलिस द्वारा थाना कवर्धा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था, जिन्हें सट्टा नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक स्तर पर आरोपियों तक पहुंचने में कठिनाई आ रही थी, लेकिन सतत् निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते फलता मिली। पहली कार्रवाई वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी कवर्धा में की गई, जहां नंदनी उर्फ नीलू (42) पति विक्रम गुप्ता को अपने घर के सामने अवैध रूप से अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद राशि और पेन जब्त किया गया। उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई वार्ड क्रमांक 05 लोहारा नाका दीवारपारा क्षेत्र में की गई। यहां पूजा (28) पत्नी संदीप बांधेकर को सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में विधिसम्मत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप गु्रप बनाकर विभिन्न समूहों के माध्यम से सट्टा संचालन कर रही थीं। वे अलग-अलग खाईवालों से संपर्क कर अंकों पर दांव लगवाती थीं और ऑनलाइन माध्यम से सट्टा नेटवर्क संचालित कर रही थीं। पुलिस को पूछताछ में अन्य संलिप्त व्यक्तियों के नाम भी मिले हैं, जिनकी पतासाजी जारी है। शीघ्र ही नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

CG Online Satta: अवैध कारोबार बर्दाश्त नहीं

जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी या किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे ऐसे अवैध कार्यों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार के अवैध धंधे में संलिप्त पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सट्टा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए साइबर मॉनिटरिंग और मुखबिर तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसे नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *