Benefits of Early Dinner: अगर आपने कभी अक्षय कुमार और मनोज बाजपेयी जैसे एक्टर्स के इंटरव्यू देखे होंगे, तो आपने गौर किया होगा कि फिट रहने के लिए वे शाम 7 बजे के बाद या रात में कुछ भी खाने से परहेज करते हैं। ये सभी अपनी अच्छी सेहत का सबसे बड़ा राज जल्दी डिनर करने को ही बताते हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों को लगता है कि यह सेलिब्रिटीज का कोई नया फैशन है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि यह कोई फैशन नहीं बल्कि शरीर को अंदर से साफ करने का एक बहुत ही पुराना तरीका है, जिसे ऑटोफेजी (Autophagy) कहते हैं। आज के इस लेख में आइए जानते हैं कि ऑटोफेजी क्या है, इसे कैसे किया जाता है और इसे करने से शरीर को क्या फायदे होते हैं।
क्या है ऑटोफेजी?
आज के समय में लगभग सभी उम्र के लोग गैस-एसिडिटी से परेशान होने के साथ ही किसी का पेट बाहर निकला हुआ है, तो किसी को शुगर या बढ़ते वजन जैसी परेशानियां हैं। ऐसे में अगर आप रोजाना ऑटोफेजी के नियम को अपनाते हैं, तो आपको इन सभी परेशानियों से छुटकारा मिल सकता है। दरअसल, हमारे शरीर के अंदर एक ऐसी ताकत होती है जो हर वक्त हमें ठीक करने की कोशिश करती रहती है। लेकिन परेशानी की बात यह है कि शरीर की यह ताकत एक बार में एक ही काम कर पाती है। यह या तो हमारे खाए हुए खाने को पचाएगी या फिर शरीर की बीमारियों को ठीक करेगी। ऐसे में जब हम दिन भर कुछ न कुछ खाते रहते हैं, तो शरीर की पूरी एनर्जी सिर्फ खाना पचाने में ही लगी रहती है और शरीर को मरम्मत का मौका ही नहीं मिलता। ऐसे में जब हम शाम को जल्दी खा लेते हैं, तब शरीर ऑटोफेजी के मोड में आता है और शरीर के अंदर जमी गंदगी, खराब सेल्स और बीमारियों को खुद ही खत्म करना शुरू कर देता है।
सूरज ढलने के बाद खाना क्यों नहीं खाना चाहिए?
हमारी पाचन शक्ति का सीधा कनेक्शन सूरज की रोशनी से होता है। इसलिए जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, हमारी भूख तेज होती है, लेकिन जैसे ही सूरज ढलने लगता है, हमारा डाइजेशन भी धीमा पड़ जाता है। पुराने समय में लोग इसीलिए अंधेरा होने से पहले खा लेते थे। आज के मॉडर्न जमाने में हुई कई रिसर्च में भी यह बात सामने आई है कि रात को 9-10 बजे भारी खाना खाने से मोटापा, यूरिक एसिड और फैटी लीवर जैसी बड़ी बीमारियों के होने के चांसेज बढ़ जाते हैं।
जल्दी डिनर करने से क्या फायदे होते हैं?
जल्दी डिनर करने से अच्छी और गहरी नींद आती है, क्योंकि सोते समय आपके शरीर को खाना पचाने के लिए मेहनत नहीं करनी पड़ती। इससे सुबह उठते ही आप बहुत फ्रेश और एक्टिव महसूस करते हैं। इसके अलावा यह शुगर या बीपी की समस्या में फायदेमंद होने के साथ ही पाचन तंत्र को आराम देता है, जिससे गैस और एसिडिटी जैसी दिक्कतें जड़ से खत्म होने लगती हैं। इसके साथ ही जल्दी खाना खाने से चेहरे पर नेचुरल ग्लो आता है और बढ़ती उम्र के लक्षण भी कम होने लगते हैं।


