‘दोबारा यहां दिखे तो गोली मार देंगे’, कोयला माफिया ने फारेस्ट रेंजर की वर्दी फाड़ी…अभद्रता की, गाड़ी के नीचे घसीटा

‘दोबारा यहां दिखे तो गोली मार देंगे’, कोयला माफिया ने फारेस्ट रेंजर की वर्दी फाड़ी…अभद्रता की, गाड़ी के नीचे घसीटा

Madhya Pradesh Coal Mafia Attack: मध्यप्रदेश पुलिस का बेहद शर्मनाक और घिनौना चेहरा शहडोल में सामने आया है। पुलिस की मिलीभगत से माफिया यहां न सिर्फ अवैध कोयला निकाल रहे हैं, बल्कि बेखौफ परिवहन भी कर रहे हैं। दक्षिण वन मंडल की डीएफओ और टीम ने कोयले की काली मंडी सोन नदी के घोरसू नाला की खेतौली में माफिया के सिंडिकेट को तोडऩे की कोशिश की। इससे नाराज माफिया ने वनविभाग के दस्ते पर जानलेवा हमला कर दिया। रेंजर की वर्दी फाड़ी, अभद्रता की।

माफिया ने चारों ओर से टीम को घेर लिया

डीएफओ श्रद्धा पन्द्रे ने बताया कि बडखेरा गांव के पास माफिया ने चारों ओर से टीम को घेर लिया। रेंजर रामनरेश विश्वकर्मा को गाड़ी के नीचे घसीटा। वर्दी फाड़ी और गाली-गलौज की। डीएफओ को भी अभद्र भाषा में धमकाया। माफिया ने कहा, दोबारा यहां दिखे तो गोली मार देंगे। माफिया खुलकर दबंगई करते रहे और सोहागपुर पुलिस मौके पर मूकदर्शक बनी रही। पुलिस के पास बुधवार रात 10 बजे घायल वन अमला पहुंचा तो गुरुवार सुबह सुबह 4 बजे उन्हें बताया कि केस दर्ज हो गया। लेकिन 22 घंटे बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की।

पुलिस की सरपरस्ती में रात भर दौड़ती है गाड़ी

डीएफओ श्रद्धा पन्द्रे ने आरोप लगाया कि सोहागपुर पुलिस की जानकारी में रातभर ट्रैक्टरों से अवैध कोयला निकाला जाता है। जब वन विभाग ने इस सिंडिकेट को तोडऩे की कोशिश की, तो माफिया ने अफसरों पर हमला कर दिया।

आईजी एन चैत्रा ने कार्रवाई के निर्देश दिए-

वन विभाग के अफसरों पर कोयला कारोबारियों ने हमला किया है। जैसे इस बात की जानकारी आईजी एन चैत्रा को मिली, उन्होंने तुरंत एसपी को जांच कर एफआईआर के लिए निर्देश दे दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *