Khamenei death Iran Israel war: मिडिल ईस्ट में लगातार तनाव जारी है। इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद ईरान ने भी इजरायल और कई खाड़ी देशों पर हमले किए। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में पेट्रोल की कीमतों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध के कारण अगर अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें बढ़ती हैं तो उन्हें इसकी चिंता नहीं है।
उन्होंने रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर कीमतें बढ़ती हैं तो बढ़ने दें। मुझे इसकी कोई चिंता नहीं है। जब यह संघर्ष खत्म होगा तो कीमतें जल्दी ही फिर से कम हो जाएंगी। पेट्रोल थोड़ा महंगा होना उतना बड़ा मुद्दा नहीं है जितना यह मामला है।
दरअसल, ईरान के साथ युद्ध के कारण कुछ ही दिनों में अमेरिका में पेट्रोल लगभग करीब 7 प्रतिशत महंगा हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि वे फिलहाल अमेरिका में इमरजेंसी तेल भंडार का इस्तेमाल करने की योजना नहीं बना रहे हैं।
इजरायल ने ईरान पर किया हमला
शुक्रवार की सुबह भी इजरायली सेना द्वारा ईरान पर हमले जारी रहे। इन हमलों में तेहरान की प्रमुख शॉपिंग स्ट्रीट और सबसे व्यस्त सड़कों में से एक, जोम्हुरी एवेन्यू, भी चपेट में आ गई। वहीं, ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने बताया कि जोम्हुरी स्ट्रीट के कुछ हिस्से, जामी बीआरटी स्टेशन और पास के एक आवासीय क्षेत्र में स्थित एक घर पूरी तरह से नष्ट हो गए।
हमलों के बाद मध्य और पूर्वी तेहरान की सड़कें काफी हद तक सुनसान बताई जा रही थीं। इजरायली सेना ने शुक्रवार को पहले कहा था कि उसने तेहरान में शासन के प्रमुख बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले शुरू कर दिए हैं।
क्या बोले उप विदेश मंत्री
नई दिल्ली में रायसीना संवाद में बोलते हुए ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिका पर तीखा हमला किया। इस दौरान उन्होंने चल रही जंग को ईरान के लिए अस्तित्व का युद्ध बताया। खाड़ी में अमेरिकी सैन्य उपस्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा- क्या खाड़ी में अमेरिकी रडार फारस की खाड़ी में मछली पकड़ने के लिए हैं? वहीं उन्होंने ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने के आरोपों को खारिज कर दिया।
खतीबजादेह ने ईरान के नेतृत्व के बारे में डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों का भी मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान के नेता को नियुक्त करना चाहते हैं, लेकिन वे न्यूयॉर्क के मेयर को भी नियुक्त नहीं कर सकते।


