अगर नहीं मिली तो कूदकर जान दे दूंगा…मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नीचे फेंका सुसाइड नोट

अगर नहीं मिली तो कूदकर जान दे दूंगा…मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, नीचे फेंका सुसाइड नोट

सोनभद्र: रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से मिलने की मांग करता रहा। घटना की जानकारी होने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच युवक ने एक सुसाइड नोट भी टावर से नीचे फेंक दिया, जिसमें उसने दावा किया कि पास के ही गांव की एक लड़की से उसने कुछ दिनों पहले प्रेम विवाह किया था, अब लड़की के परिजन उसे उससे मिलने नहीं दे रहे हैं।

शादी करने का दावा

जानकारी के मुताबिक, चुर्क गांव के रहने वाले नंदलाल ने दावा किया है कि उसने पास के ही गांव की एक लड़की से कुछ दिनों पूर्व प्रेम विवाह किया था और लड़की के परिजन लड़की से उसे मिलने नहीं दे रहे हैं। इसी घटना से नाराज नंदलाल गांव के ही पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और टावर से नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। इस दौरान वह बार-बार लड़की से मिलवाने की जिद कर रहा था। उसने लेटर में लिखा कि उसकी प्रेमिका अब उसकी पत्नी बन चुकी है।

लड़की पक्ष भी पहुंचा मौके पर

घटना की जानकारी होने के बाद गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी रामस्वरूप वर्मा और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और युवक को समझने का प्रयास किया। इसी दौरान युवक ने एक सुसाइड लेटर नीचे फेंक दिया, जिसमें लिखा था कि उसने पास के ही गांव की एक लड़की से कुछ दिनों पूर्व विवाह किया है। युवक ने आरोप लगाया कि लड़की के घर वाले उसे कमरे में बंद करके उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। युवक ने सुसाइड लेटर में लिखा कि वह लड़की के बिना जी नहीं सकता है और अगर मरता है तो लड़की के परिजनों की सारी जिम्मेदारी होगी।

दोनों पक्ष पहुंचे कोतवाली

सुसाइड लेटर मिलने के बाद पुलिस ने उसे काफी देर तक समझाया बुझाया। इसके बाद लड़की के परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद वह नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस उसे रॉबर्ट्सगंज कोतवाली लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों पक्षों को बिठाकर आपसी सहमति से रास्ता निकाला जा रहा है। फिलहाल, मामले में दोनों पक्ष के द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *