काश! हेलमेट पहन लेता चैनाराम, डंपर की टक्कर के बाद सिर सड़क से टकराया, मौक पर ही दर्दनाक मौत

काश! हेलमेट पहन लेता चैनाराम, डंपर की टक्कर के बाद सिर सड़क से टकराया, मौक पर ही दर्दनाक मौत

जोधपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार चल रहे अभियान और सख्ती के बावजूद लापरवाही जानलेवा साबित हो रही है। बोरानाडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक युवक की दर्दनाक मौत ने हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को फिर से साबित कर दिया। युवक के हाथ में हेलमेट लटका हुआ था, लेकिन सिर पर नहीं था। डंपर की टक्कर लगते ही वह सड़क पर सिर के बल गिरा और गंभीर चोट के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बोरानाडा थाना पुलिस के अनुसार हादसा बोरानाडा पाल स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि किसी डंपर ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे युवक असंतुलित होकर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आधार कार्ड से पहचान

पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी लेने पर युवक की जेब से आधार कार्ड मिला, जिससे उसकी पहचान बिलाड़ा निवासी चैनाराम पुत्र गिरधारीराम के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर शव को आगे की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें

सड़क सुरक्षा की अनदेखी बनी काल

यातायात पुलिस लगातार हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन कई वाहन चालक केवल चालान से बचने के लिए हेलमेट रखते हैं, पहनते नहीं। विशेषज्ञों के अनुसार हादसों में सिर की चोट सबसे घातक साबित होती है और हेलमेट जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *