मैं बोलूंगी कम, कार्यवाही ज्यादा करूंगी: विदिशा

मैं बोलूंगी कम, कार्यवाही ज्यादा करूंगी: विदिशा

सतना। मैहर जिले की नवागत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट बिदिशा मुखर्जी ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इसके पूर्व उन्होंने मां शारदा के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर सहित परिक्षेत्र की व्यवस्थाएं देखीं। मंदिर परिसर की साफ सफाई और बेहतर करने के निर्देश उन्होंने दिए। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद अपनी पहली बैठक जल गंगा संवर्धन अभियान की ली। इस बैठक में उन्होंने तल्ख तेवर दिखाते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली से अवगत कराया। कहा, मैं बोलूंगी कम कार्यवाही ज्यादा करूंगी।

मां शारदा लोक की पूछी प्रगति

मिली जानकारी के अनुसार नवागत कलेक्टर बिदिशा ने मां शारदा के दर्शन करने के बाद एसडीएम दिव्या पटेल और तहसीलदार जीतेन्द्र पटेल के साथ परिसर का मौका मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने मां शारदा लोक के संबंध में जानकारी ली। अब तक की प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी ली और आगे क्या किया जाना है इस संबंध में भी उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली। दरअसल निवृतमान कलेक्टर रानी बाटड ने मां शारदा लोक को टेंडर प्रक्रिया तक पहुंचा दिया है। अब इस प्रोजेक्ट का बीओक्यू जारी होने के साथ ही टेंडर किया जाना शेष है। मां शारदा लोक की निर्माण एजेंसी पर्यटन विकास बोर्ड है और नवागत कलेक्टर मध्य प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड में अपर प्रबंध संचालक रह चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि वे इस प्रोजेक्ट को लेकर शासन स्तर से बेहतर समन्वय बना सकेंगी। जानकारी के अनुसार कलेक्टर बिदिशा ने इस प्रोजेक्ट को लेकर संबंधित कंसल्टेंट एजेंसी के अधिकारियों से भी चर्चा की है।

मंदिर प्रबंधन समिति की ली जानकारी

कलेक्टर बिदिशा ने मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने समिति के कुछ सदस्यों से सौजन्य भेंट भी की। मंदिर प्रबंधन किस तरह से काम करता है और यहां की अन्य व्यवस्थाएं कैसे संचालित होती है आदि की जानकारी भी उन्होंने ली। समिति को होने वाली आय, चढ़ावे और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी उन्होंने ली है। कहा है कि मां शारदा मंदिर से ही मैहर की पहचान है लिहाजा मंदिर का प्रबंधन और यहां कानून व्यवस्था प्राथमिकता में रहेगी। मंदिर परिसर सहित परिक्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने की आवश्यकता पर उन्होंने बल दिया।

पहली बैठक जल गंगा संवर्धन की

नवागत कलेक्टर ने अपनी पहली आधिकारिक बैठक जल गंगा संवर्धन अभियान की ली। जिसमें जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति, लक्क्ष्य और शेष कार्यों की जानकारी ली। कहा, सभी अधिकारी अपने दायित्व पूरी क्षमता से निर्वहन करें। कोई समस्या है तो सीधे चर्चा करें। लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं बोलूंगी कम, कार्यवाही ज्यादा करूंगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी संबंधित विभागों की अलग-अलग समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। जिसमें कहा कि मैदानी स्तर से जिला स्तर के विभागीय अधिकारी इस बैठक में मौजूद रहेंगे।

विदाई में याद किया गया पहला दिन

इधर शनिवार की रात 8 बजे निवृतमान कलेक्टर रानी बाटड का विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों कर्मचारियों ने अपने अनुभव और यादें साझा की। कलेक्टर रानी बाटड ने इस अवसर पर कहा कि वो पहला दिन था, जब नव गठित जिले में मैं आई थी और यहां पर कुछ नहीं था। खुद कलेक्ट्रेट के लिए भवन तलाशा। इसके बाद यहां बैठने वाले तीन लोग थे। मैं, मेरा रीडर और चपरासी। हम तीन लोगों ने कलेक्ट्रेट की शुरुआत की और आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं। बताया कि नया जिला था, कोई जिले का सिस्टम नहीं था। आदेश, सरकारी गॉड फाइलें कुछ भी नहीं थी। अन्य जिलों से धीरे धीरे मंगाया गया। रीडर को जिले की कार्यवाही का अनुभव नहीं था, वह सिखाया गया। नवागत कलेक्टर विदिशा ने इन कामों को आगे बढ़ाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *