Tej Pratap Yadav Big Revelation: जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार, 8 फरवरी 2026 को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कई बड़े खुलासे किए। तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें बदनाम कर घर से निकाल दिया गया और हालत ऐसी हो गई थी कि वे डिप्रेशन में चले गए और फांसी लगाने तक की नौबत आ गई।
अनुष्का यादव के साथ फोटो हुआ था वायरल
उन्होंने साफ किया कि सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें उनके एक्स हैंडल से अनुष्का यादव के साथ साझा की गईं थी, इसमें उनका कोई हाथ नहीं है। तेज प्रताप के मुताबिक, उनका अकाउंट हैक कर लिया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अनुष्का यादव और बच्चे से उनका कोई संबंध नहीं है।
अनुष्का यादव बनी मां
इसी विवाद के कारण उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेज प्रताप ने उन लोगों के नाम भी सामने रख दिए, जिन्हें वे दोषी मानते हैं। उन्होंने आलोक गुर्जर का नाम लेते हुए कहा कि उसका और अनुष्का का क्या संबंध है वो बताएं। ये संबंध मुझ पर बस थोपा गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने ये भी कहा कि बदनाम करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। पीएम मोदी से मिलने के लिए दिल्ली भी जाएंगे।
बता दें रविवार, 8 फरवरी 2026 को अनुष्का मां बनी हैं, उन्होंने बेटी को जन्म दिया है।
तेज प्रताप यादव ने पांच जयचंदों के गिनाए नाम; लगाया आरोप
तेज प्रताप यादव ने खुलासा करते हुए बताया कि पांच जयचंद- आरजेडी के पूर्व विधायक मुकेश रोशन, राज्यसभा सांसद संजय यादव, तेजस्वी यादव के करीबी सहयोगी रमीज, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव और एमएलसी सुनील सिंह ने मिलकर बदनाम किया। तेज प्रताप ने यह भी दावा किया कि महुआ पूर्व विधायक मुकेश रोशन ने तो उनकी हत्या करवाने की कोशिश की थी।
उन्होंने आगे कहा, “मुझे पिता की तरह फर्जी केस में फंसाया गया है, मुझे लालू यादव का आशीर्वाद इन लोगों को रास नहीं आया। इसलिए उन्होंने बदनाम करना शुरू कर दिया। हम कोर्ट में जाएंगे, इनके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।”


