Sunny Deol Wife Role Mona Singh: टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत करने वाली मोना सिंह आज एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक मजबूत और सशक्त अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने कई टीवी शोज में काम किया, लेकिन उन्हें सबसे अधिक याद किया जाता है सुपरहिट शो ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के लिए।
टीवी के साथ-साथ मोना सिंह ने फिल्मों में भी अपनी छाप छोड़ी है। वह ‘3 इडियट्स’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभा चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्मस पर भी काम किया है और हाल ही में ‘Bads of Bollywood’ में दिखाई दी थीं। अब मोना सिंह साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक ‘बॉर्डर 2’ में एक अहम किरदार में नजर आने वाली हैं।
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल की पत्नी के किरदार में मोना सिंह
23 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में मोना सिंह, सनी देओल के किरदार लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कालेर की पत्नी अवतार चक्कल की भूमिका निभाती नजर आएंगी।
इससे पहले मोना सिंह और सनी देओल फिल्म ‘लाहौर: 1947’ में साथ काम करने वाले थे, लेकिन मोना सिंह की डेट्स के इश्यूज की वजह से यह प्रोजेक्ट संभव नहीं हो पाया।
‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के लिए दिए थे करीब 50 ऑडिशन
हाल ही में मोना सिंह टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एक विशेष एपिसोड में नजर आईं। शो के दौरान उन्होंने होस्ट अमिताभ बच्चन को अपने संघर्ष के दिनों के बारे में बताया।
मोना ने बताया कि करियर की शुरुआत में वह पुणे से रोज बस के जरिए मुंबई ऑडिशन देने आती थीं और अपने पहले शो ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ के लिए उन्होंने करीब 50 ऑडिशन दिए थे।
यह शो मोना सिंह के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ और उन्हें घर-घर में पहचाना जाने वाला नाम बना दिया। साथ ही, ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ ने भारतीय टेलीविजन पर महिला लीड किरदारों की परिभाषा ही बदल दी। आज भी यह शो भारतीय टीवी के सबसे आइकॉनिक शोज में गिना जाता है।
मोना सिंह के आने वाले प्रोजेक्ट्स
मोना सिंह जल्द ही फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में नजर आएंगी, जो 16 जनवरी 2026 को रिलीज होगी। इन दिनों वह इस फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वीर दास, आमिर खान, इमरान खान, मिथिला पालकर और शारिब हाशमी उनके को-एक्टर हैं। इसके बाद मोना सिंह ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के अपोजिट नजर आएंगी, जो 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


