‘मैंने अपनी मां की हत्या कर दी…’, जयपुर में शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो इकलौते बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला

‘मैंने अपनी मां की हत्या कर दी…’, जयपुर में शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो इकलौते बेटे ने पीट-पीटकर मार डाला

जयपुर/दूदू: मौजमाबाद पुलिस थाना इलाके के फरियादपुरा गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी मां को ही मौत के घाट उतार दिया। नशेड़ी युवक ने सिर पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और घर से बाहर आकर चिल्लाया कि उसने अपनी मां को मार डाला है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

दूदू सीओ दीपक खंडेलवाल ने बताया कि भूरी देवी (40) पति अर्जुनलाल रैगर के साथ अपने पीहर फरियादपुरा में रहती थी। शुक्रवार शाम भूरी देवी पति के साथ बैंक से पैसे निकलवाकर घर आई थी। घर आते ही नशे का आदी इकलौता बेटा नंदराम (19) मां से शराब के लिए पैसों की मांग करने लगा।

काफी देर तक पैसे नहीं मिले तो रात करीब आठ बजे आक्रोशित नंदराम लाठी लेकर कमरे में गया और भूरी देवी के सिर पर प्रहार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से भूरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या कर बाहर चिल्लाने लगा आरोपी

हत्या के बाद नंदराम ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और खुद घर के बाहर आकर चिल्लाने लगा कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। पड़ोसियों ने जब नंदराम के हाथ और कपड़े खून से सने देखे तो तुरंत मौजमाबाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी अनीता चौधरी मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया।

गांव में पसरा सन्नाटा

घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया। ग्रामीणों ने बताया कि नंदराम अक्सर शराब के नशे में घर में लड़ाई-झगड़ा करता था। शनिवार को पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया। मृतका का अंतिम संस्कार माधोराजपुरा के बीची में किया गया। पुलिस हत्या के आरोपी बेटे से पूछताछ की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *