Pat Cummins started bowling: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने अपनी पीठ की चोट से उबरने को लेकर सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस बड़ी खुशखबरी दी है। उन्होंने बताया कि मैंने फिर से गेंदबाजी करनी शुरू कर दी है, उनका लक्ष्य आईपीएल 2026 सीजन के बीच में वापसी करना है। अपनी गैरमौजूदगी में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी के लिए ईशान किशन का सपोर्ट भी किया है।
बिजनेस ऑफ स्पोर्ट पॉडकास्ट पर बात करते हुए पैट कमिंस ने पुष्टि की कि उन्होंने फिर से बॉलिंग शुरू कर दी है और एक तय रिकवरी प्लान के तहत उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मैं अभी भी पीठ की चोट से उबर रहा हूं, लेकिन अब हालत ठीक है। मैंने नेट्स में फिर से बॉलिंग शुरू कर दी है।
‘आईपीएल के बीच तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा’
एसआरएच के कप्तान ने माना कि वह टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में नहीं खेल पाएंगे, लेकिन उन्हें समय पर वापसी की पूरी उम्मीद है। उन्होंने आगे कहा कि आईपीएल जल्द ही शुरू होने वाला है। मैं इसकी शुरुआत में नहीं खेल पाऊंगा, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही मैं मैदान पर वापसी कर पाऊंगा।
कमिंस ने अपनी रिकवरी को लेकर सावधानी भरा रवैया अपनाया है। उन्होंने बताया कि अभी मैं हर तीसरे दिन बॉलिंग कर रहा हूं। हमने एक प्लान बनाया है, ताकि टूर्नामेंट के बीच तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊं। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो मैं टूर्नामेंट के दूसरे हाफ और फाइनल में खेल पाऊंगा।
चोट की वजह से टी20 वर्ल्ड कप से हो गए थे बाहर
बता दें कि चोट की वजह से वह टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हो गए थे और एशेज सीरीज के दौरान सिर्फ एक टेस्ट मैच ही खेल पाए थे। रिकवरी के दौरान एक छोटी-सी रुकावट आने के बाद कमिंस अब इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि आईपीएल के अहम मैचों के लिए वह पूरी तरह से फिट होकर वापसी करें।
ईशान किशन की तारीफ की
कमिंस की गैरमौजूदगी में सनराइजर्स हैदराबाद ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी सौंपी है, जिसका कमिंस ने जोरदार समर्थन किया है। कमिंस ने कहा कि पिछले एक साल में ईशान ने अपनी घरेलू टीम के लिए कप्तानी करते हुए काफी सफलता हासिल की है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पास स्थानीय खिलाड़ियों का एक काफी अनुभवी गेंदबाजी ग्रुप है। मैं निश्चित रूप से उन स्थानीय खिलाड़ियों पर भरोसा कर रहा हूं।
पहला मुकाबला आरसीबी से
बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी बार 2016 में आईपीएल का खिताब जीता था। एसआरएच शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम को उम्मीद है कि जब तक उसके नियमित कप्तान निर्णायक चरण के लिए वापस नहीं आ जाते, तब तक वह मुकाबले में बनी रहेगी।


