महादेव का अवतार हूं, करियर बना दूंगा! ढोंगी अशोक खरात ने युवती से 6 महीने किया रेप, गर्भवती को भी नहीं बख्शा

महादेव का अवतार हूं, करियर बना दूंगा! ढोंगी अशोक खरात ने युवती से 6 महीने किया रेप, गर्भवती को भी नहीं बख्शा

महिलाओं को भविष्य बताने और तंत्र-मंत्र के नाम पर फंसाने वाले ढोंगी बाबा अशोक खरात (Ashok Kharat) मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब एक और पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित युवती ने बताया कि वह अपने करियर और पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए खरात के ‘ओकस प्रॉपर्टी’ स्थित कार्यालय गई थी। वहां 67 वर्षीय खरात ने खुद को ‘महादेव का अवतार’ बताया और दैवीय शक्तियां होने का दावा किया, एक दिन उसने पीड़िता को मंत्र पढ़ने के बहाने कमरे में अकेला बुलाया और उसका शारीरिक शोषण किया।

करियर संवारने के नाम पर दरिंदगी

शिकायत के अनुसार, पीड़िता अपने परिवार के साथ घरेलू समस्या के समाधान के लिए खरात के पास पहुंची थी। इसके बाद खरात ने उन्हें कई बार बुलाया और धीरे-धीरे भरोसा जीतने की कोशिश की। एक दिन उसने बातचीत का रुख बदलते हुए पीड़िता के करियर से जुड़े सवालों का बहाना बनाया। उसने  और उसके परिवार वालों को बाहर भेज दिया।

इसके बाद उसने पीड़िता को तांबे के बर्तन में पानी पिलाया और उसे सिर पर रखने के लिए कहा। फिर खुद को महादेव का अवतार बताते हुए दैवी शक्तियों का दावा किया और उसका करियर बनाने का झांसा दिया। इसी बहाने उसने पीड़िता से कुछ मंत्र बुलवाए और उसके साथ फिर जबरन शारीरिक संबंध बनाया।

खरात के साथ वाला अश्लील वीडियो भेजा

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जुलाई 2024 से दिसंबर 2024 के बीच आरोपी ने कई बार उसका बलात्कार किया। मामला यहीं नहीं रुका। पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से खरात के साथ उसका एक अश्लील वीडियो भेजा गया। जब उसने इस बारे में खरात से बात की, तो उसने इसे AI से बनाया गया फर्जी वीडियो बताकर पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी, लेकिन साथ ही उसे दोबारा अकेले बुलाकर धमकी दी।

आरोप है कि अशोक खरात ने पीड़िता को डराया कि अगर उसने किसी को यह बात बताई, तो उसके पिता की जान को खतरा हो सकता है। इस डर के कारण पीड़िता लंबे समय तक चुप रही, लेकिन अब आरोपी के काले कारनामे सामने आने के बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की अपील के बाद लगातार पीड़ित महिलाएं सामने आ रही हैं और अब तक इस मामले में कई पीड़िताएं अपनी आपबीती बता चुकी हैं। पुलिस ने भी लोगों से बिना डर आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ितों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। अब तक कम से कम पांच पीड़िताएं इस मामले में सामने आ चुकी हैं। सभी घटनाएं नासिक के ओकस प्रॉपर्टी स्थित कनाडा कॉर्नर में हुई बताई जा रही हैं।

गर्भवती महिला से रेप, पैसे ऐंठे

एक अन्य मामले में खरात ने एक गर्भवती महिला के साथ तंत्र-मंत्र की आड़ में न केवल बलात्कार किया, बल्कि उसे डराने के लिए नकली बाघ और सांपों का इस्तेमाल किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसने उस गर्भवती महिला को अपमानजनक और अघोरी हरकतों के लिए मजबूर भी किया।

इसके अलावा, पुलिस जांच में सामने आया है कि स्वयंभू बाबा अशोक खरात ने अपने ट्रस्ट के मंदिर के नाम पर भी पीड़िता से मोटी रकम वसूली थी, जिससे यह मामला सिर्फ यौन शोषण तक सीमित नहीं बल्कि आर्थिक धोखाधड़ी का भी है।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। जैसे-जैसे पीड़िताएं सामने आ रही हैं, वैसे-वैसे यह मामला और संगीन होता जा रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि पीड़ितों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। नासिक की अदालत ने अशोक खरात की पुलिस हिरासत 29 मार्च तक बढ़ा दी है। पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *